Fastest Growing Hindi Web News Channel

U-20 World Athletics : भारतीय एथलीट शैली सिंह ने लंबी कूद में जीता सिल्वर मेडल

0 1,248
Above News

U-20 World Athletics Championship : ओलंपिक के बाद दूसरे विश्व स्तरीय मुकाबलों में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखानी शुरु कर दी है। लंबी कूद की महिला खिलाड़ी शैली सिंह (Shaili Singh) ने रविवार को अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप (U-20 World Athletics Championship) के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। इस दौरान उनकी सर्वश्रेष्ठ छलांग 6.59 मीटर की रही। शैली ने तीसरे प्रयास में 6.59 मीटर की दूरी तय की और वो पहले स्थान पर आ गई थीं। लेकिन स्वीडन की माजा अक्साग ने 6.60 मीटर की छलांग लगा कर उनकी बढ़त छीन ली। आखिरी प्रयास में शैली सिंह ने 6.36 मीटर की छलांग लगाई और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारत का इस चैंपियनशिप में ये सातवां पदक है।

इससे पहले शैली सिंह ने क्वालीफिकेशन राउंड में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। शैली ने क्वालिफिकेशन में 6.40 मीटर की छलांग लगाई और अपने दोनों ग्रुप में पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने इसमें 6.40 की छलांग लगाई और स्वतः क्वालिफिकेशन हासिल किया था। फाइनल राउंड में भी शैली एक समय पहले स्थान पर चल रही थीं लेकिन स्वीडन की अक्साग ने उनसे एक मीटर ज्यादा छलांग लगाते हुए उन्हें दूसरे स्थान पर धकेल दिया। यूक्रेन की मारिया होरीलोवा ने 6.50 की छलांग लगाते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

मामूली अंतर से चूकीं शैली

अगर शैली इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत लेतीं, तो वह इस चैंपियनशिप में सोने का तमगा हासिल करने वाली भारत की तीसरी एथलीट बन जातीं। उनसे पहले नीरज चोपड़ा ने 2016 में भाला फेंक और महिला धावक हिमा दास ने 2018 में स्वर्ण पदक हासिल किया था। शैली से पहले भारत को इस संस्करण में अमित खत्री ने पुरुषों की 10,000 मीटर रेस वॉक में रजत पदक दिलाया था और उनसे पहले भारत की 4 गुणा 400 मीटर मिक्स्ड रिले टीम ने देश की झोली में कांस्य पदक डाला था।

 

Below News
Above Reporter Photo