Fastest Growing Hindi Web News Channel

Bhadrapada 2021 Festivals: भादो के महीने में पड़ेंगे तीज और गणेश चतुर्थी जैसे त्योहार, देखिए त्योहारों की पूरी लिस्ट

0 975
Above News

Bhadrapada Month 2021 : हिंदी पंचाग के अनुसार सावन का महीना खत्म हो चुका है और भादों का महीना शुरू हो चुका है। भादों के महीने में अक्सर कई सारे त्योहार आते हैं। इनमें से कई त्योहारों का धार्मिक महत्व बहुत ज्यादा होता है। भादों का महीना भाद्रपद के नाम से भी जाना जाता है। यह महीना 23 अगस्त से शुरू होकर 20 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान गणेश चतुर्थी और जन्माष्टमी से लेकर हरितालिका तीज और एकादाशी जैसे त्योहार पड़ेंगे। यहां हम भादों के महीने में आने वाले सभी त्योहारों के बारे में बता रहे हैं।

कजरी तीज और गणेश चतुर्थी

भादों महीने के त्योहारों की शुरुआत 25 अगस्त को बुधवार के दिन से होगी। इस दिन कजरी तीज और गणेश चतुर्थी का व्रत है। इस मौके पर मां पार्वती और उनके बेटे भगवान गणेश की पूजा करने का विधि विधान है। इस दिन सुबह नहाने के पश्‍चात मुहूर्त के अनुसार पूजा अर्चना की जाती है।

बलराम जयंती

भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भाई बलराम का जन्म इसी दिन हुआ था। इस दिन को हलष्ठी भी कहा जाता है, क्योंकि भगवान कृष्ण हल धारण करके चलते थे। यह त्योहार 28 अगस्त, शनिवार के दिन है। कृषि से जुड़े लोंगों के लिए इस पर्व का खास महत्व होता है।

जन्माष्टमी

भादों महीने में आने वाले त्योहारों में सबसे अहम त्योहार जन्माष्टमी का होता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण ने जन्म लिया था। यह त्योहार 30 अगस्त के दिन सोमवार को है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण के प्राचीन मंदिरों को सजाया जाता है और शाम श्रीकृष्ण भगवान के जन्‍म की झांकी भी प्रस्‍तुत की जाती है।

जया एकादशी

जया एकादशी 2 सितंबर, गुरुवार के दिन मनाई जाएगी। इसे अजा एकादशी भी कहते है। मान्‍यता के अनुसार इस तिथि पर विष्णु जी के लिए व्रत-उपवास किया जाता है और उनका केसर के दूध से अबिषेक किया जाता है।

गोवत्स द्वादशी

बछबारस का त्योहार शुक्रवार 3 सितंबर को मनाया जाएगा। इसे गोवत्स द्वादशी के नाम से भी जाना जाता है। इस त्योहार में गाय की और गाय के बछड़ों की विशेष पूजा की जाती है।

भाद्रपद अमावस्या

भाद्रपद अमावस्या 6 सितंबर, सोमवार के दिन मनाई जाएगी। इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने की और दान-पुण्य करने की परंपरा है। मान्यता के अनुसार भाद्रपद अमावस्या पर पितरों के लिए धूप-ध्यान करना चाहिए।

हरितालिका तीज

हरितालिका तीज भारतीय महिलाओं के सबसे कठिन व्रत में से एक है। यह त्योहार गुरुवार, 9 सितंबर को मनाया जाएगा। इस दिन विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी आयु के लिए व्रत रखती हैं। साथ ही अविवाहित कन्याएं अच्छे पति की कामना में तीज का व्रत रखती हैं।

गणेश उत्सव

गणपति बप्पा की भक्ति के लिए मनाया जाने वाला गणेश उत्सव 10 सितंबर से शुरू होगा और 19 सितंबर को खत्म होगा। इसके अगले दिन ही भादों महीने का समापन भी हो जाएगा।

तेजा दशमी

16 सितंबर गुरुवार के दिन तेजा दशमी का त्योहार मनाया जाएगा। इस दिन तेजाजी महाराज को छतरियां चढ़ाने की परंपरा है। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में इस तिथि का महत्व काफी अधिक माना जाता है।

जलझूलनी एकादशी

जलझूलनी एकादशी को डोल एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्व शुक्रवार, 17 सितंबर को मनाया जाएगा। इस दिन भगवान विष्णु के सभी अवतारों का ध्यान करते हुए उपवास रखा जाता है।

अनंत चतुर्दशी

रविवार, 19 सितंबर को अनंत चतुर्दशी का व्रत रखा जाएगा। इसी दिन गणेश उत्सव का समापन होगा।

भाद्रपद पूर्णिमा

20 सितंबर को भाद्रपद पूर्णिमा के साथ भादों का महीना समाप्त हो जाएगा। इसी तिथि से श्राद्ध पक्ष शुरू हो रहे हैं।

Below News
Above Reporter Photo