Fastest Growing Hindi Web News Channel

काबुल में भारतीय दूतावास सुरक्षित, कर रहा काम, स्टाफ को समय पर दी गई सेलरी, सरकार ने जानकारी दी

0 1,120
Above News

नई दिल्ली । अफगानिस्तान की राजधानी काबुल स्थित भारतीय दूतावास सुरक्षित है और यह काम कर रहा है। भारत सरकार की ओर से यहां के स्थानीय स्टाफ की सेलरी समय पर दी गई है। रखरखाव का खर्च भी दिया गया है। सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि काबुल दूतावास से नियमित रूप से संदेश प्राप्त हो रहे हैं। कर्मचारियों ने दूतावास को सुरक्षित बताया है।

इससे पहले आई खबरों में बताया गया था कि मौजूदा हालात के चलते काबुल में बैंक पूरी तरह काम नहीं कर रहे हैं। ऐसे में कर्मचारियों को अपना वेतन निकालने में दिक्कत हो सकती है। अधिकारी ने कहा, ‘कुछ भारतीय अब भी काबुल में हैं। भारत सरकार इन्हें सुरक्षित निकालने की कोशिश में है, लेकिन काबुल एयरपोर्ट अभी बंद है।’

इधर विदेश मंत्रालय का कहना है कि काबुल में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए शीघ्र निकासी अभियान चलाया जाएगा। सरकार काबुल और भारतीय दूतावास के कर्मचारियों के संपर्क में है। हालांकि मंत्रालय ने यह नहीं बताया कि भारतीय दूतावास में अभी कितने कर्मचारी हैं। अधिकारी ने कहा, ‘भारत से राजनयिकों और दूतावास अधिकारियों का नई दिल्ली से काबुल पहुंचना नई तालिबान सरकार के रुख पर निर्भर करेगा।’

मालूम हो कि अफगानिस्‍तान से और लोगों को निकालने के सवाल पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता अरिंदम बागची ने गुरुवार को कहा था कि अभी काबुल हवाई अड्डा चालू नहीं है। वैसे तो अधिकांश भारतीयों ने अफगानिस्तान छोड़ दिया है लेकिन काबुल एयरपोर्ट पर विमानों का परिचालन फिर से शुरू होते ही हम काबुल से शेष भारतीयों को निकालने के लिए अपना अभियान फिर से शुरू कर देंगे।

Below News
Above Reporter Photo