Proudly we are Member of FCDN

सतना । सीआईएसएफ के एसआई शंकर प्रसाद पटेल का अंतिम संस्कार पूर्ण राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ कल सुबह 9 बजे उनके गृहग्राम सतना जिले के अमदरा के पास नौगवां में किया जाएगा। जिले के मैहर तहसील के नौगवां निवासी 57 वर्षीय शंकर प्रसाद पटेल शुक्रवार को कश्मीर के सुजवां सेक्टर में आतंकी हमले में वीरगति को प्राप्त हो गए थे।जिसके बाद कश्मीर में उनके पार्थिव शरीर को अधिकारियों द्वारा नमन किया गया। सतना कलेक्टर अनुराग वर्मा ने बताया कि बलिदानी की पार्थिव देह पूरे सैनिक सम्मान के साथ दिल्ली एयरपोर्ट से आज दोपहर डेढ़ बजे विशेष विमान से जबलपुर के लिए रवाना होगी। जिसके दोपहर 3.30 बजे जबलपुर पहुंचने की संभावना है। जबलपुर से सुसज्जित वाहन में पार्थिव शरीर सड़क मार्ग से कटनी होते हुए नौगवां लाया जाएगा। ज्ञात हो कि स्व. शंकर प्रसाद पटेल 2024 में सेवानिवृत्त होने वाले थे। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसफ) में एएसआई के रूप में वे छत्तीसगढ़ के भिलाई में पदस्थ थे और विशेष ड्यूटी के तहत उन्हें 18 अप्रैल को ही कश्मीर भेजा गया था जहां उनके काफिले पर 22 अप्रैल की सुबह 4 बजे आतंकवादियों ने ग्रेनेड फेंककर हमला कर दिया। इसके एक दिन पूर्व ही उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चे से फोन पर बात की थी।


